#crime #प्रदेश

चरित्र पर शक में पति बना हैवान: पत्नी का सिर मुंडवाया, मारपीट कर पिलाया पेशाब

Advertisement Carousel

 

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि उसने पत्नी का सिर मुंडवाया, उसके साथ मारपीट की, कालिख पोती और जबरन पेशाब पिलाकर प्रताड़ित किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।

जानकारी के अनुसार मामला पंडोपारा स्थित काटकोना गांव का है। पीड़िता और आरोपी की वर्ष 2006 में प्रेम विवाह हुआ था। दंपती के चार बच्चे हैं। वायरल वीडियो में बच्चे भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं।

महिला ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

पीड़िता, जो मूल रूप से करंजी क्षेत्र की रहने वाली है, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसे अपमानित और प्रताड़ित किया गया, जिसके लिए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

पति मंत्रालय में चालक, दोनों पक्षों के आरोप अलग-अलग

जानकारी के मुताबिक आरोपी मंत्रालय में सरकारी वाहन चालक के पद पर कार्यरत है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी पिछले कुछ समय से अलग रह रही थी और उसे लेकर कई विवाद रहे हैं। वहीं महिला ने इन आरोपों को खारिज करते हुए खुद को प्रताड़ना का शिकार बताया है।

वीडियो सामने आने के बाद जांच तेज

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।