सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 209 किलो गांजा जब्त, 1.66 करोड़ की संपत्ति सहित दो आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी चोट करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही करीब 209 किलोग्राम गांजा की खेप को जब्त कर पुलिस ने एक युवक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा, ट्रेलर, फ्लोर्सपार पाउडर और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में चौकी फगुरम और थाना डभरा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम बोडासागर स्थित सागर फैमिली ढाबा के पास खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रेलर को रोका।
ट्रेलर से मिले 40 पैकेट गांजा
तलाशी के दौरान ट्रेलर में रखी 8 प्लास्टिक बोरियों से 40 पैकेट गांजा बरामद किए गए। कुल 208.965 किलोग्राम गांजा की अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार रुपये आंकी गई है।
ट्रेलर और अन्य सामान भी जब्त
पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रेलर, फ्लोर्सपार पाउडर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये बताया गया है।
राजस्थान का युवक गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ा गया
पूछताछ के दौरान गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर राजस्थान के अजमेर निवासी 20 वर्षीय अर्पित सिंह और उसके साथ मौजूद एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
26 घंटे की निगरानी के बाद मिली सफलता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार 26 घंटे तक बैरिकेडिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई में चौकी फगुरम, साइबर सेल और थाना डभरा की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





