#प्रदेश

बस्तर के युवाओं को मिलेगी सपनों की उड़ान, अब बन सकेंगे कमर्शियल पायलट

Advertisement Carousel

 

जगदलपुर। बस्तर के युवाओं, खासकर जनजातीय छात्र-छात्राओं के लिए आसमान छूने का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। पहली बार क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को कमर्शियल पायलट बनने का अवसर मिलेगा, जहां आर्थिक स्थिति उनके सपनों के आड़े नहीं आएगी। इस पहल के तहत चयनित अभ्यर्थियों की पूरी पायलट ट्रेनिंग का खर्च देश की प्रमुख एयरलाइन वहन करेगी।

IndiGo Airlines की ‘Giving Wings to Fly’ पहल को Shaheed Mahendra Karma University और स्वावलंबी भारत अभियान के सहयोग से बस्तर तक पहुंचाया गया है। यह कार्यक्रम क्षेत्र के युवाओं के लिए एविएशन सेक्टर में करियर बनाने का सुनहरा अवसर लेकर आया है।

लाखों रुपये की ट्रेनिंग होगी मुफ्त

योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को कमर्शियल पायलट बनने तक की ट्रेनिंग, पढ़ाई और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं का पूरा खर्च एयरलाइन द्वारा वहन किया जाएगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।

कौन कर सकता है आवेदन?
0 आयु सीमा: 18 से 35 वर्ष
0 12वीं में फिजिक्स, गणित और अंग्रेजी विषय होना अनिवार्य
0 पासपोर्ट होना वांछनीय, हालांकि बिना पासपोर्ट वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं
0 अंतिम चयन प्रवेश परीक्षा और निर्धारित मानकों के आधार पर होगा

कॉलेजों को दिए गए विशेष निर्देश

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बस्तर क्षेत्र के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों के आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक चरण में 2 से 3 विद्यार्थियों के चयन की संभावना है, लेकिन प्रदर्शन के आधार पर भविष्य में अवसरों का दायरा बढ़ सकता है।

बदलते बस्तर की नई तस्वीर

यह पहल केवल रोजगार का अवसर नहीं, बल्कि बस्तर को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जिस क्षेत्र की पहचान लंबे समय तक चुनौतियों और पिछड़ेपन से जुड़ी रही, वहीं के युवा अब विमान उड़ाने का सपना साकार कर सकेंगे।