विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने किया अंतरराष्ट्रीय टेनिस अकादमी का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने शुक्रवार को लाभाण्डी स्थित अंतरराष्ट्रीय टेनिस अकादमी का स्थल निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान समिति ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इससे पूर्व विधानसभा परिसर स्थित समिति कक्ष क्रमांक-सी-01 में प्राक्कलन समिति की बैठक सभापति अजय चंद्राकर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मनोज मंडावी, पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू सहित विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक में लाभाण्डी स्थित अंतरराष्ट्रीय टेनिस अकादमी के स्थल निरीक्षण का निर्णय लिया गया। इसके बाद समिति के सभापति और सदस्यों ने अकादमी पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं, सुविधाओं और अधोसंरचना का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान समिति ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा अकादमी के बेहतर संचालन और विकास के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। समिति ने खेल अधोसंरचना को और मजबूत बनाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।





