#प्रदेश

राहुल गांधी ने नया रायपुर के मैगी पॉइंट पर लिया चाय-मैगी का स्वाद, काफिला अचानक रुकने से लोग हुए उत्साहित

Advertisement Carousel

 

० संगठन शिविर से लौटते वक्त किया अनौपचारिक पड़ाव, कांग्रेस नेताओं के साथ बिताए कुछ पल

रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई। अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद एयरपोर्ट लौटते समय उनका काफिला अचानक नया रायपुर स्थित मैगी पॉइंट पर रुक गया, जहां उन्होंने चाय और मैगी का आनंद लिया।

राहुल गांधी दिनभर कांग्रेस के 10 दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर में पदाधिकारियों और नेताओं के साथ चर्चा करने के बाद रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ समय के लिए मैगी पॉइंट पर रुककर सहज और अनौपचारिक अंदाज में चाय-नाश्ता किया।

नेताओं ने भी लिया चाय-मैगी का स्वाद

इस दौरान सचिन पायलट,भूपेश बघेल , दीपक बैज और टी एस सिंहदेव समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी उनके साथ मौजूद रहे। सभी नेताओं ने चाय और मैगी का स्वाद लिया और कुछ समय वहां बिताया।

अचानक रुकने से लोगों में दिखा उत्साह

राहुल गांधी का काफिला अचानक रुकने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में उत्साह का माहौल बन गया। लोगों ने इस मौके को अपने कैमरों में कैद किया और कई लोगों ने राहुल गांधी के साथ तस्वीरें भी लीं।राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच राहुल गांधी का यह सहज अंदाज चर्चा का विषय बना रहा।