#प्रदेश

मानसून की रफ्तार सुस्त : छत्तीसगढ़ में गर्मी का सितम जारी; कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के बावजूद मौसम का मिजाज पूरी तरह नहीं बदला है। जहां इस समय बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद थी, वहीं प्रदेश के मध्य हिस्सों में गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन व्यापक बारिश के आसार फिलहाल कम नजर आ रहे हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मजबूत सिस्टम विकसित नहीं होने के कारण मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। यही वजह है कि प्रदेश के कई इलाकों में अब भी उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

21 दिनों में सामान्य से बेहद कम बारिश

जून माह के 21 दिन बीतने के बावजूद प्रदेश में औसतन केवल 32.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। राज्य का कोई भी जिला अब तक सामान्य वर्षा का आंकड़ा नहीं छू पाया है। पिछले वर्ष 21 जून तक मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो चुका था, जबकि इस बार यह अभी तक बस्तर संभाग के कई हिस्सों तक भी पूरी तरह नहीं पहुंच सका है।

23 जून के बाद बढ़ सकती है मानसून की गतिविधि

मौसम विभाग का कहना है कि 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। हालांकि अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हीट वेव जैसी स्थिति भी बन सकती है।

 

रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

रायपुर में बादल, बारिश और गरज-चमक के आसार

राजधानी रायपुर में सोमवार को आंशिक से घने बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सोमवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें—

सुकमा
बीजापुर
दंतेवाड़ा
बस्तर
नारायणपुर
कोंडागांव
धमतरी
गरियाबंद

शामिल हैं। इन क्षेत्रों में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।