#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से बदला मौसम का मिजाज, अगले 5 दिनों तक बारिश और आंधी के आसार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से परेशान छत्तीसगढ़वासियों को आखिरकार राहत मिल गई है। लंबे इंतजार के बाद 22 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रदेश में प्रवेश कर लिया, जिसके बाद कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। दंतेवाड़ा, बीजापुर, रायपुर समेत अनेक क्षेत्रों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। हालांकि आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

सोमवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज हुआ।

रायपुर में फिर बरस सकते हैं बादल

राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग ने शहर में बादल छाने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

दक्षिणी जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

मानसून की एंट्री के साथ प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बस्तर जिले के जगदलपुर में 5 सेंटीमीटर और नानगुर में 2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में 3 सेंटीमीटर तथा कटेकल्याण और गीदम में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बलरामपुर में 2 सेंटीमीटर तथा भैरमगढ़ और गादीरास में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, औसत समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका राजस्थान से उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक फैली हुई है। वहीं तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम प्रणाली मजबूत बनी हुई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।