रायपुर में विवादित निर्माण पर चला बुलडोजर, सेंट पॉल स्कूल परिसर में बने ढांचे को प्रशासन ने किया ध्वस्त

रायपुर। राजधानी रायपुर के सेंट पॉल स्कूल परिसर में बने विवादित निर्माण पर मंगलवार को जिला प्रशासन और नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। प्रशासन ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सेंट पॉल स्कूल के दोनों ओर की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर यातायात रोक दिया गया। मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही।
‘सामुदायिक भवन’ के नाम पर चर्च निर्माण का आरोप
मामले की शिकायत हिंदू स्वाभिमान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विश्वदिनी पांडेय ने की थी। उनका आरोप था कि सेंट पॉल स्कूल परिसर में सामुदायिक भवन की आड़ में चर्च का निर्माण किया जा रहा है।
विश्वदिनी पांडेय के अनुसार, जिस जमीन पर निर्माण किया गया, उसकी लीज वर्ष 2022 में समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद संबंधित ट्रस्ट द्वारा बिना वैध अनुमति के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि निर्माण के लिए न तो आवश्यक प्रशासनिक अनुमति ली गई थी और न ही नगर निगम को इसकी जानकारी दी गई थी।
शिकायत के बाद हुई जांच
शिकायत मिलने के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन ने मामले की जांच की। जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का फैसला लिया और विवादित निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
सुरक्षा के बीच कार्रवाई पूरी
प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों का कहना है कि कानून और नियमों के विरुद्ध किए गए किसी भी निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है, जबकि मामले पर संबंधित ट्रस्ट की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।





