#प्रदेश

सूरजपुर में बड़ा हादसा: बतरा बांध में पलटी नाव: 3 ग्रामीण लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Advertisement Carousel

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। करंजी चौकी क्षेत्र स्थित बतरा बांध में 9 ग्रामीणों से भरी नाव पलट गई। हादसे में 6 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि 3 ग्रामीण लापता हो गए हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस और जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।

मछली पकड़ने गए थे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, प्रतिबंध के बावजूद सोमवार रात अंधेरे में 9 ग्रामीण मछली पकड़ने के लिए नाव से बतरा बांध पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक नाव असंतुलित होकर पानी में पलट गई, जिससे सभी लोग बांध में गिर गए।

6 ने तैरकर बचाई जान, 3 का अब तक सुराग नहीं

नाव पलटने के बाद 6 ग्रामीण किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचने में सफल रहे, लेकिन 3 लोग गहरे पानी में लापता हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस और DDRF की टीम मौके पर

सूचना मिलते ही करंजी पुलिस और जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। लापता ग्रामीणों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गोताखोरों की मदद से बांध में खोजबीन जारी है।

प्रशासन ने शुरू की जांच

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रतिबंध के बावजूद रात के समय मछली पकड़ने जाने के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और लापता ग्रामीणों की तलाश में जुटा हुआ है।फिलहाल पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है और परिजन लापता ग्रामीणों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।