#प्रदेश

महतारी वंदन योजना पर बड़ा अपडेट: छत्तीसगढ़ में फिर खुलेगा पोर्टल, हजारों महिलाओं को मिलेगा मौका

Advertisement Carousel

 

रायपुर। महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। छत्तीसगढ़ सरकार जल्द ही योजना का पोर्टल दोबारा खोलने जा रही है, जिससे अब तक आवेदन नहीं कर सकीं पात्र विवाहित महिलाओं को योजना का लाभ लेने का अवसर मिलेगा।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है और अगले एक सप्ताह के भीतर पोर्टल शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है।

बस्तर से होगी शुरुआत

सरकार पोर्टल को चरणबद्ध तरीके से शुरू करेगी। सबसे पहले बस्तर संभाग के जिलों में आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी पंजीयन और आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

वंचित महिलाओं को मिलेगा लाभ

मंत्री ने बताया कि कई पात्र महिलाएं विभिन्न कारणों से अब तक योजना में आवेदन नहीं कर सकी थीं या उनका नाम लाभार्थियों की सूची में शामिल नहीं हो पाया था। पोर्टल खुलने के बाद ऐसी महिलाओं को दोबारा मौका मिलेगा और उन्हें योजना से जोड़ा जाएगा।

हर महीने मिलती है आर्थिक सहायता

गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार में उनकी भागीदारी बढ़ाना और आत्मनिर्भर बनाना है।

जारी होंगे नए दिशा-निर्देश

पोर्टल शुरू होने के बाद महिलाएं आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।

लाखों महिलाओं को राहत की उम्मीद

सरकार के इस फैसले से उन हजारों महिलाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रही थीं। अब योजना का दायरा बढ़ाकर अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक इसका लाभ पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।