रायपुर में ब्लिंकिट के डार्क स्टोर पर निगम की बड़ी कार्रवाई, नियमों की अनदेखी पर गोदाम सील

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ग्रोसरी डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट (Blinkit) के डार्क स्टोर (वेयरहाउस) पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर की गई, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने समता कॉलोनी स्थित परिसर पर औचक निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, प्रगति कॉलेज के पास संचालित ब्लिंकिट के गोदाम में जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर नगर निगम के जोन-7 अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया।
जांच में सामने आईं कई बड़ी खामियां
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि परिसर में कर्मचारियों और डिलीवरी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक फायर सेफ्टी सिस्टम और सुरक्षा मानक भी अधूरे पाए गए।
सबसे गंभीर बात यह रही कि व्यावसायिक उपयोग में लाई जा रही इस बिल्डिंग का संचालन आवश्यक पूर्णता प्रमाणपत्र (Completion Certificate) के बिना किया जा रहा था, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। हाल के दिनों में शहर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और वैधानिक दस्तावेजों की जांच अभियान के तहत यह कदम उठाया गया है।
अन्य व्यावसायिक संस्थानों के लिए भी चेतावनी
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में संचालित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी। जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी, पार्किंग या भवन स्वीकृति संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया है और कई संचालक अब अपने दस्तावेजों व सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं।




