AC ब्लास्ट से मचा मौत का तांडव: घर में लगी भीषण आग, पिता की मौत, बेटा गंभीर रूप से झुलसा

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आईटीआई कॉलोनी क्षेत्र में घर में लगे विंडो एसी में कथित तौर पर ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में सो रहे पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटे का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 3 बजे की है। अचानक एसी में विस्फोट होने के बाद आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई। देखते ही देखते घर धुएं और आग की लपटों से घिर गया, जिससे अंदर मौजूद पुरुषोत्तम पटेल और उनके पुत्र राजवीर पटेल को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
मोहल्लेवासियों ने दिखाई बहादुरी, तोड़ना पड़ा ताला
घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण लोगों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और दोनों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक पुरुषोत्तम पटेल बुरी तरह झुलस चुके थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राजवीर पटेल का इलाज जारी है।
पलभर में राख हो गया पूरा घर
आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो गया। घर के भीतर खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
19वें जन्मदिन की खुशियां बदलीं मातम में
परिजनों और स्थानीय लोगों ने बताया कि घायल राजवीर पटेल का हाल ही में 19वां जन्मदिन मनाया गया था। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
एंबुलेंस और पुलिस की देरी पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस और पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विंडो एसी में ब्लास्ट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





