अवैध रेत तस्करी बनी जानलेवा: ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत, दो गंभीर घायल

कोरबा। जिले में अवैध रेत उत्खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने एक युवक की जान ले ली। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी के पास सोन नदी से अवैध रूप से रेत लेकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29 वर्ष), अमित कुमार और अन्य युवक ट्रैक्टर में रेत भरकर सोन नदी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम जर्वे के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक अमित कुमार समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अवैध रेत खनन पर उठे सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से सोन नदी से अवैध रेत उत्खनन का खेल जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि खुलेआम रेत निकाली जा रही है और औने-पौने दामों में बेची जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर अवैध रेत कारोबार और उससे जुड़े जोखिमों को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ ट्रैक्टर और रेत परिवहन की वैधता की भी पड़ताल कर रही है।





