#crime #प्रदेश

बंद घर से उठी दुर्गंध तो खुला दर्दनाक राज, रिटायर्ड दंपति के शव मिलने से सनसनी

Advertisement Carousel

 

भोपाल। भोपाल में एक रिटायर्ड दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। दो दिन तक घर से बाहर नहीं निकलने के बाद जब मकान से दुर्गंध आने लगी तो किरायेदार छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खुलते ही अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित सुदामा नगर में एक रिटायर्ड दंपति अपने ही घर में मृत पाए गए। घटना का खुलासा तब हुआ, जब घर से तेज दुर्गंध आने पर मकान में किराये से रह रहे छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 64 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 62 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। हेमंत बारीक रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, जबकि उनकी पत्नी कस्तूरबा अस्पताल से नर्स के पद से रिटायर हुई थीं। सेवानिवृत्ति के बाद दोनों अकेले अपने घर में रहते थे। उनके मकान के एक हिस्से में छात्र किराये पर रहते हैं, जबकि उनका बेटा अपने परिवार के साथ विदेश में रहता है।

किरायेदारों ने पुलिस को बताया कि दंपति बहुत कम घर से बाहर निकलते थे। इसलिए दो दिन तक उनके नहीं दिखने पर किसी को संदेह नहीं हुआ। शुक्रवार शाम घर से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई।

आत्महत्या की आशंका, हर पहलू से जांच जारी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों की एक साथ सामान्य मौत होना संभव नहीं लगता। घटनास्थल पर जबरन प्रवेश या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, इसलिए फिलहाल हत्या की आशंका कम मानी जा रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई गई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस मृतक दंपति के विदेश में रहने वाले बेटे से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। साथ ही अन्य परिजनों और रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।