जमीन के विवाद में दिव्यांग बेटे ने रौंदे रिश्ते : मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, पिता पर भी जानलेवा हमला

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक दिव्यांग बेटे ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। गुस्से में उसने अपनी मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए पिता पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में यह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामकुमार यादव लंबे समय से परिवार की जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था। परिजनों द्वारा उसकी मांग ठुकराए जाने पर वह आगबबूला हो गया।
गुस्से में आरोपी ने अपनी मां जानकुंवर यादव पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मां को बचाने पहुंचे पिता श्याम लाल यादव को भी आरोपी ने नहीं छोड़ा और उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी रामकुमार यादव दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की और शनिवार सुबह ग्राम अंजोरीपाली से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





