पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती का भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने किया सम्मान, चार दशक की जनसेवा को बताया प्रेरणादायी

० रायपुर स्थित कार्यालय में हुई आत्मीय मुलाकात, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण में योगदान की सराहना
रायपुर। बस्तर की प्रख्यात समाजसेवी और हाल ही में ‘पद्मश्री’ से सम्मानित डॉ. बुधरी ताती का शनिवार को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने रायपुर स्थित अपने कार्यालय में आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने डॉ. ताती के चार दशक लंबे सामाजिक योगदान को नमन करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ की प्रेरणास्रोत हस्ती बताया।
अमित चिमनानी ने डॉ. बुधरी ताती को पद्मश्री सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए उन्हें अपनी पुस्तकें भेंट कीं। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे चुनौतीपूर्ण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण के लिए डॉ. ताती द्वारा किया गया कार्य असाधारण है। उनका समर्पण और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मुलाकात के दौरान डॉ. बुधरी ताती ने भी अपने लंबे सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए और सम्मान एवं आत्मीय स्वागत के लिए अमित चिमनानी का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि डॉ. बुधरी ताती पिछले चार दशकों से दंतेवाड़ा और बस्तर के दूरस्थ आदिवासी इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने पैदल चलकर 545 से अधिक गांवों तक पहुंच बनाई, हजारों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और अनेक सामाजिक चुनौतियों का सामना किया। इस दौरान उन पर जानलेवा हमले भी हुए, लेकिन उन्होंने सेवा का मार्ग नहीं छोड़ा।
उनकी इसी उल्लेखनीय सामाजिक सेवा और जनहित में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए भारत सरकार ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया है।





