मुहर्रम जुलूस को निशाना बनाने की साजिश नाकाम! मुंबई से 14,900 जहरीले कैप्सूल जब्त, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मुहर्रम जुलूस को कथित तौर पर निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश का पुलिस ने समय रहते पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14,900 जहरीले कैप्सूल बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन कैप्सूलों में चूहे मारने वाली जहरीली दवा भरी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है।
मुहर्रम जुलूस के दौरान हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, मुहर्रम जुलूस के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बिना अनुमति लोगों में कैप्सूल बांटता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिसके बाद मामले को गंभीर साजिश मानते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई।
14,900 जहरीले कैप्सूल बरामद
जांच में आरोपी के पास से कुल 14,900 जहरीले कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड (चूहे मारने वाली जहरीली दवा) मंगवाकर अपने घर पर एक-एक ग्राम भरकर कैप्सूल तैयार किए थे। शुरुआती जांच के मुताबिक वह करीब 30 हजार कैप्सूल तैयार करने की योजना बना रहा था।
आरोपी की पहचान, कई पहलुओं पर जांच
पुलिस ने आरोपी की पहचान पुणे निवासी फैयाज के रूप में की है, जो पेंट का कारोबार करता है। पुलिस उपायुक्त जयंत मीना के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके संभावित नेटवर्क, मकसद तथा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
विदेश यात्रा भी जांच के दायरे में
जांच एजेंसियों को पता चला है कि आरोपी वर्ष 2025 में ईरान और इराक की यात्रा कर चुका है। इसी वजह से पुलिस इस मामले को सिर्फ जहरीले कैप्सूल बरामदगी तक सीमित नहीं मान रही, बल्कि इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की संभावना को भी खंगाल रही है।




