छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज: अगले 3-4 दिन में पूरे प्रदेश को भिगोएगा, कई जिलों में बारिश और बिजली का यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब तेजी से सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में मानसून प्रदेश के शेष हिस्सों तक पहुंच जाएगा। आने वाले एक सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ मेघगर्जन, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी रायपुर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने रविवार को सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
कई इलाकों में हुई बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मुंगेली में 5 सेंटीमीटर और दरभा में 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





