बेमेतरा में दर्दनाक हादसा: घर की दीवार ढही, दो मासूम बहनों की मौत, महिला गंभीर

० आंगन में खेल रही थीं बच्चियां, मलबे में दबने से गई जान; घायल महिला रायपुर रेफर
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राउरपुर में अचानक कच्ची दीवार ढहने से दो मासूम बहनों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मृत बच्चियों की पहचान वंशिका (11 वर्ष) और राधिका (7 वर्ष), पिता ओमप्रकाश कोशले, के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला शशिकला को गंभीर हालत में उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
आंगन में खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां रविवार को घर के आंगन में मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक घर की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों बच्चियां और शशिकला आ गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम
ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं शशिकला की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसा दीवार ढहने के कारण हुआ बताया जा रहा है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।





