#प्रदेश

दिल्ली-कोटा हादसों के बाद छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट, सभी भवनों का होगा सेफ्टी ऑडिट

Advertisement Carousel

 

० डिप्टी सीएम अरुण साव के निर्देश, सुरक्षा मानकों में खामी मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

 

रायपुर। दिल्ली और राजस्थान के कोटा में कोचिंग सेंटरों में हुई आगजनी की घटनाओं के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य के सभी नगरीय निकायों को भवनों का सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश जारी किए हैं।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि सभी नगर निगम आयुक्तों को पत्र भेजकर उनके क्षेत्र के भवनों की निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार जांच कराने को कहा गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की टीम गठित कर व्यापक निरीक्षण कराया जाएगा।

सेफ्टी ऑडिट के दौरान भवनों में अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकासी मार्ग, विद्युत सुरक्षा और अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। जहां भी सुरक्षा संबंधी खामियां मिलेंगी, वहां नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने सभी नगरीय निकायों से कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है, ताकि पूरे प्रदेश में भवनों की सुरक्षा व्यवस्था का आकलन कर आगे की रणनीति बनाई जा सके।

गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली और कोटा में कोचिंग संस्थानों में आग लगने की घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई थी। इन हादसों के बाद सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा को लेकर देशभर में चिंता बढ़ी है। इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने एहतियात के तौर पर राज्यव्यापी सेफ्टी ऑडिट का निर्णय लिया है।