राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संत महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत इससे पहले भी जनवरी में खराब हुई थी, तब भी उनका इलाज मेदांता अस्पताल में हुआ था। उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हो गया था।
महंत के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेकर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरा
महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संतों में शामिल रहे हैं। वे शुरुआती दौर से ही आंदोलन से जुड़े रहे और राम मंदिर निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। वर्ष 1986 में वे राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति के उपाध्यक्ष बने। वर्ष 1992 के बाद उन्होंने राम जन्मभूमि न्यास का नेतृत्व संभाला और वर्तमान में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।
मंदिर निर्माण में निभाई अहम भूमिका
राम मंदिर आंदोलन के दौरान अदालतों में कानूनी लड़ाई, जनआंदोलन और संत समाज को एकजुट करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मणिराम दास छावनी के महंत के रूप में उन्होंने बड़ी संख्या में संतों को संगठित किया। भूमि पूजन, मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा जैसे ऐतिहासिक अवसरों पर भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।
88 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।




