उन्नाव एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: स्लीपर बस ने कार को रौंदा, महिला व दो मासूम समेत 5 की मौत, 17 यात्री घायल

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के देवखरी गांव के पास एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से टकरा गई। हादसे में कार सवार महिला, दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए।
झपकी आने से डिवाइडर पार कर गई बस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस में करीब 85 यात्री सवार थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे चालक को कथित तौर पर झपकी आने से बस अनियंत्रित हो गई। बस डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंची और आगरा की ओर जा रही एक आर्टिगा कार से आमने-सामने टकरा गई।
कार को टक्कर मारने के बाद पलटी बस
भीषण टक्कर के बाद बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
17 यात्री घायल, तीन की हालत गंभीर
हादसे में बस के 17 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस और यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार में सवार तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार हादसे में कार सवार दिव्या (13), अमृता (5), अंजू (40), धुनमुन (60) और कार चालक विनोद (45) की मौत हो गई।
चालक के नशे में होने के आरोप, जांच जारी
कुछ यात्रियों ने बस चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह चालक को झपकी आना प्रतीत हो रही है। अन्य सभी संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।





