CG Breaking :भाजपा को बड़ा झटका,पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने पार्टी से दिया इस्तीफा

० प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ी, सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया त्यागपत्र; सियासी गलियारों में हलचल तेज
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रीय मंत्री रवि भगत ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र मंडल अध्यक्ष को भेजने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
सिर्फ पद नहीं, पार्टी भी छोड़ी
रवि भगत ने केवल संगठनात्मक पद से ही नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उनके इस फैसले को भाजपा के लिए एक बड़ा संगठनात्मक झटका माना जा रहा है।
काफी समय से पार्टी नेतृत्व पर साध रहे थे निशाना
जानकारी के अनुसार, रवि भगत पिछले कुछ समय से पार्टी की कार्यशैली और नेतृत्व को लेकर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे। उन्होंने हाल के दिनों में कई मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से पार्टी नेतृत्व की आलोचना भी की थी। ऐसे में उनके इस्तीफे को आंतरिक असंतोष और संगठनात्मक मतभेदों से जोड़कर देखा जा रहा है।
सियासी अटकलें तेज
रवि भगत भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रीय मंत्री के रूप में संगठन में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनके इस्तीफे के बाद अब राजनीतिक गलियारों में उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल उन्होंने किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।






