राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर RSS सख्त, बोला- ‘यह सिर्फ चोरी नहीं, करोड़ों राम भक्तों की आस्था पर चोट’

० दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग, मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर दिया जोर
अयोध्या।अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संघ ने इस घटना को केवल चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था और श्रद्धा पर गंभीर आघात बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मंदिर की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार की मांग की है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने जारी बयान में कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष, करोड़ों राम भक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यही कारण है कि यह मंदिर पूरे हिंदू समाज की आस्था और श्रद्धा का सबसे बड़ा केंद्र है।
उन्होंने कहा कि मंदिर के दान पात्रों से धनराशि चोरी होने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे केवल आर्थिक नुकसान नहीं हुआ, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं। इसलिए इस मामले को सामान्य अपराध के रूप में नहीं, बल्कि देश की धार्मिक आस्था से जुड़े अत्यंत संवेदनशील विषय के रूप में देखा जाना चाहिए।
दोषियों को मिले कड़ी सजा
संघ ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई भी शुरू हो चुकी है।
RSS ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। संघ का कहना है कि न्याय तभी पूर्ण होगा, जब दोषियों को सख्त दंड मिलेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंदिर की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
आस्था की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
संघ ने अपने बयान में कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर की सुरक्षा, दान व्यवस्था की पारदर्शिता और श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित संस्थाओं को पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।





