#प्रदेश

IGKV हॉस्टल में गिरी छत, छात्र गंभीर घायल… NSUI का उग्र प्रदर्शन, कुलपति की गाड़ी के सामने लेटे छात्र

Advertisement Carousel

 

० छात्रों ने प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप, हॉस्टलों के सुरक्षा ऑडिट और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के छात्रावास में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। हॉस्टल के एक कमरे की छत का हिस्सा अचानक गिरने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में टांके लगाए गए। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।

घटना के विरोध में NSUI के प्रदेश सचिव महताब हुसैन के नेतृत्व में छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कई छात्र कुलपति की गाड़ी के सामने लेट गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

“छत के नीचे मरने से बेहतर कुलपति गाड़ी चढ़ा दें”

प्रदर्शन के दौरान महताब हुसैन ने कहा कि यदि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती, तो जर्जर छात्रावासों में रहने से बेहतर है कि कुलपति अपनी गाड़ी उन पर चढ़ा दें, ताकि पूरे प्रदेश को विश्वविद्यालय प्रशासन की संवेदनहीनता का पता चल सके। उन्होंने कहा कि यह छात्रों की पीड़ा और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध है।

बार-बार शिकायतों के बावजूद नहीं हुई मरम्मत

NSUI का आरोप है कि छात्र लंबे समय से हॉस्टलों की जर्जर स्थिति को लेकर शिकायत कर रहे थे, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि समय रहते मरम्मत कराई जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

दोषियों पर कार्रवाई और सुरक्षा ऑडिट की मांग

एनएसयूआई ने मांग की है कि छात्रावासों की मरम्मत के लिए स्वीकृत बजट, उसके उपयोग और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराई जाए। साथ ही छात्र कल्याण अधिष्ठाता (DSW), इंजीनियरिंग शाखा और इस मामले के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।