CG Weather : छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

० 24 घंटे में सारंगढ़ में सबसे अधिक 14 सेमी बारिश, रायपुर समेत कई जिलों में आज भी येलो अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक वर्षा हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे। हालांकि तेज बारिश नहीं हुई, लेकिन रुक-रुककर हल्की फुहारें पड़ती रहीं। प्रदेश में शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा का न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में सारंगढ़ में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लाल बहादुर नगर में 11 सेमी, सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेमी, चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेमी तथा सरसीवा में 8 सेमी बारिश हुई। वहीं महासमुंद, मुंगेली, डोंगरगांव, सरिया, धनोरा, भटगांव और भानुप्रतापपुर सहित कई क्षेत्रों में 6 से 7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इन जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।





