डॉक्टर्स डे पर कौर हॉस्पिटल राजिम की अनूठी पहल, 35 गर्भवती माताओं का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

राजिम। डॉक्टर्स डे के अवसर पर कौर मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल, राजिम द्वारा गर्भवती माताओं के लिए निःशुल्क मातृ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। अस्पताल की ओर से पिछले दो वर्षों से प्रत्येक माह आयोजित किए जा रहे इस शिविर में इस बार भी बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ गर्भवती माताओं के तिलक-वंदन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद सभी महिलाओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही सोनोग्राफी की सुविधा भी विशेष रियायती दर पर उपलब्ध कराई गई।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. गुरप्रीत कौर ने गर्भवती माताओं को संबोधित करते हुए गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक सावधानियों और स्वस्थ शिशु के जन्म से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था में उचित खान-पान, नियमित व्यायाम और सकारात्मक दिनचर्या मां एवं शिशु दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर डॉ. गुरप्रीत कौर ने गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं सामान्य प्रसव में सहायक योगाभ्यास भी कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से गर्भवती महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से लाभ मिलता है तथा यह स्वस्थ प्रसव में भी सहायक होता है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, कौर हॉस्पिटल पिछले दो वर्षों से हर माह गर्भवती माताओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर रहा है। इसके अलावा अस्पताल पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का भी नियमित आयोजन करता है।
शिविर में कुल 35 गर्भवती माताओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 12 महिलाओं की सोनोग्राफी विशेष रियायती दर पर की गई। शिविर में शामिल महिलाओं ने अस्पताल की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।





