प्रशासनिक अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई: पंचायत सचिव किशन राठौर निलंबित, कई गंभीर आरोप सही पाए गए

गौरेला – पेंड्रा -मरवाही। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में प्रशासनिक लापरवाही और अनुशासनहीनता पर जिला पंचायत ने सख्त कार्रवाई की है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने ग्राम पंचायत सेमरा के तत्कालीन और वर्तमान में तरईगांव में पदस्थ सचिव किशन राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
विभागीय जांच में सचिव पर लगे कई गंभीर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। इनमें शासकीय प्राथमिक शाला भवन के ध्वस्तीकरण और पुनर्निर्माण में नियमों की अनदेखी, मनरेगा कार्यों में अवैध रूप से मशीनों का उपयोग, सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग, न्यायालय और विभागीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना तथा शासकीय सेवक रहते हुए राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी शामिल है।
इन आरोपों को लेकर प्रशासन ने पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर सचिव से जवाब मांगा था, लेकिन उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के तहत उन्हें निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत मरवाही निर्धारित किया गया है और नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







