#प्रदेश

मुंबई में बारिश बनी आफत: चॉल ढहने से 6 की मौत, पेड़ और ग्रिल गिरने से 2 और की गई जान

Advertisement Carousel

 

० मानखुर्द में तीन मंजिला चॉल भरभराकर गिरी, एनडीआरएफ का रेस्क्यू जारी; भारी बारिश के चलते एयरपोर्ट पर एक घंटे तक उड़ानें प्रभावित, IMD का रेड अलर्ट

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। रविवार को हुई भारी बारिश के बीच मानखुर्द इलाके में एक तीन मंजिला चॉल ढहने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा पेड़ गिरने और इमारत की ग्रिल टूटकर गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में भी दो लोगों की जान चली गई। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।

मानखुर्द में ढही तीन मंजिला चॉल, मलबे में दबे लोग

रविवार रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द के मंडाला क्षेत्र स्थित जनता नगर में हनुमान मंदिर के पीछे बनी तीन मंजिला चॉल अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। आशंका है कि मलबे में अभी भी एक व्यक्ति फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, दमकल विभाग, पुलिस और बीएमसी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हुई है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

ग्रिल गिरने से युवक की मौत

नवी मुंबई में रविवार शाम एक इमारत की बाहरी ग्रिल फुटपाथ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, संबंधित इमारत के स्ट्रक्चरल ऑडिट का नोटिस पहले ही जारी किया गया था, लेकिन भवन मालिक ने आवश्यक मरम्मत नहीं कराई थी।

पेड़ गिरने से गई एक और जान

कुर्ला पश्चिम में भारी बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ दुकान पर गिर गया, जिससे 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई। बीते एक सप्ताह में पेड़ गिरने से यह तीसरी मौत है। इससे पहले गोरेगांव में बाइक सवार युवक और चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक छात्र की जान जा चुकी है।

बारिश से एयरपोर्ट भी प्रभावित

भारी बारिश और खराब मौसम का असर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी देखने को मिला। दृश्यता कम होने और तेज बारिश के कारण करीब एक घंटे तक उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। हालांकि बाद में मौसम में हल्का सुधार होने पर सेवाएं फिर शुरू कर दी गईं।

24 घंटे में और भारी बारिश की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है।

बीएमसी के अनुसार, रविवार को शहर में पेड़ या शाखाएं गिरने की 203 शिकायतें, 15 मकान या दीवार ढहने और 8 शॉर्ट सर्किट की घटनाएं दर्ज की गईं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।