#राष्ट्रीय

शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर गनई ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

Advertisement Carousel

श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त ऑपरेशन के दौरान प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का टॉप कमांडर जाकिर गनई मारा गया। उसका शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक अन्य आतंकी की तलाश में इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी देते हुए कहा कि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) शोपियां, सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में लश्कर के एक आतंकवादी को मार गिराया गया। पुलिस ने अपने संदेश में लिखा, “तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।”

चार दिन से चल रहा था ऑपरेशन

खुफिया एजेंसियों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद चार दिन पहले अभियान शुरू किया गया था। 3 जुलाई को मीमंदर इलाके के एक घने बाग में लगे निगरानी कैमरों में आतंकियों की गतिविधियां कैद होने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

भागने के सभी रास्ते किए गए बंद

सेना की काउंटर-इंसर्जेंसी यूनिट विक्टर फोर्स ने अतिरिक्त जवान तैनात कर आतंकियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को सील कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मारे गए जाकिर गनई और उसका साथी लतीफ दोनों दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के रहने वाले हैं।

पहलगाम हमले से भी जुड़ा था नाम

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक जाकिर गनई वर्ष 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था, जबकि लतीफ पिछले वर्ष आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। अधिकारियों का कहना है कि जाकिर का नाम हालिया पहलगाम आतंकी हमले में भी सामने आया था। फिलहाल दूसरे आतंकी की तलाश में पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।