CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी

० रायपुर में बढ़ी उमस, अगले चार दिन प्रदेश के कई हिस्सों में सक्रिय रहेगा मानसून
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार एक बार फिर बदलने वाली है। राजधानी रायपुर में बारिश थमने से उमस बढ़ गई है, लेकिन मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में मानसून ने भले ही पूरे प्रदेश को कवर कर लिया हो, लेकिन फिलहाल बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश कम रही, जबकि बस्तर संभाग और दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मानसून दोबारा सक्रिय होगा और प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। गंगालूर में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि दंतेवाड़ा, करपावंड, पेण्ड्रा रोड, गीदम, लोहंडीगुडा और सकोला में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं बस्तर, मरवाही, डोंगरगढ़, भैरमगढ़ सहित कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज हुई।
तापमान की बात करें तो रायपुर के माना में प्रदेश का सबसे अधिक 33.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव 22 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र और उससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण मौसम को प्रभावित कर रहा है। यही वजह है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।




