#प्रदेश

महादेव बेटिंग ऐप पर ED का सबसे बड़ा शिकंजा, 940 करोड़ की संपत्तियां जब्त

Advertisement Carousel

 

० विकास गर्ग और परिवार की कंपनियों पर कार्रवाई, अब तक 3,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास गर्ग और उनके परिवार से जुड़ी संस्थाओं की करीब 940.77 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां जब्त कर ली हैं। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक जब्त की गई कुल संपत्तियों का मूल्य करीब 3,800 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

940 करोड़ की संपत्तियां अटैच

ईडी के रायपुर जोनल कार्यालय ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत कार्रवाई करते हुए विकास गर्ग और उनके परिवार के स्वामित्व एवं नियंत्रण वाली संस्थाओं की 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की हैं।जब्त संपत्तियों में रिहायशी मकान, भूखंड, इक्विटी शेयर और अन्य वित्तीय प्रतिभूतियां (सिक्योरिटीज) शामिल हैं।

कई राज्यों की FIR के आधार पर शुरू हुई जांच

ईडी ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग पुलिस, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी। इन मामलों में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के संचालकों, प्रमोटरों और सहयोगियों पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगाए गए हैं।

हर महीने 450 करोड़ से ज्यादा की अवैध कमाई का दावा

ईडी की जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज का नेटवर्क विदेश से संचालित फ्रेंचाइजी आधारित पैनल सिस्टम के जरिए चलता था। जांच एजेंसी के अनुसार, इस अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध कमाई होती थी।

शेल कंपनियों के जरिए सफेद किया गया काला धन

जांच में यह भी सामने आया कि कथित अवैध कमाई को शेल कंपनियों, कागजी लेन-देन (Accommodation Entries) और जटिल वित्तीय नेटवर्क के जरिए वैध दिखाने की कोशिश की गई।

ईडी के मुताबिक, करीब 940.77 करोड़ रुपये की कथित अपराध से अर्जित राशि विकास गर्ग से जुड़ी संस्थाओं में ट्रांसफर की गई और उसका उपयोग शेयर, सिक्योरिटीज तथा अन्य संपत्तियां खरीदने में किया गया।

अब तक 3,800 करोड़ की संपत्तियां जब्त

ईडी ने बताया कि इस मामले में पहले ही सात प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं और विशेष PMLA कोर्ट, रायपुर में अभियोजन शिकायतें भी दाखिल की जा चुकी हैं। अदालत इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध का संज्ञान ले चुकी है।

पहले की कार्रवाई में करीब 2,825 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की जा चुकी थीं। ताजा कार्रवाई के बाद महादेव बेटिंग ऐप मामले में अब तक करीब 3,800 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं।फिलहाल मामले की जांच जारी है और ईडी पूरे वित्तीय नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।