#प्रदेश

2028 मिशन की तैयारी में भाजपा: प्रदेश कार्यसमिति बैठक में प्रकोष्ठों को मिली नई जिम्मेदारियां

Advertisement Carousel

 

० मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को दिए ‘चार मंत्र’, सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। रायपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित सभी 17 प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी रणनीति, संगठन विस्तार और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विस्तार से मंथन किया गया।

प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक

रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को पार्टी के सभी 17 प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने की।

करीब ढाई घंटे चली बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय सहित सभी 17 प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिए ‘चार मंत्र’

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जीवन के लिए चार महत्वपूर्ण संदेश दिए।

उन्होंने कहा—

“सिर पर बर्फ रखो” — यानी हर परिस्थिति में धैर्य और शांत दिमाग बनाए रखें।
“मुंह में मिश्री रखो” — यानी व्यवहार और भाषा हमेशा मधुर रखें।
“पैर में चक्र रखो” — यानी संगठन और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहें।
“पार्टी के प्रति अगाध श्रद्धा रखो” — ताकि संगठन में एकता, अनुशासन और भाईचारा बना रहे।

जन-जन तक पहुंचें सरकार की योजनाएं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनसंपर्क बढ़ाने और लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने के लिए सभी प्रकोष्ठों को विशेष जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ मैदान में उतर सके।