#अंतरराष्ट्रीय #राष्ट्रीय

वियतनाम में भारतीय पर्यटकों की स्पीडबोट पलटी, 15 की मौत; दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली/हनोई। वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट के पलटने से बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य लोगों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है। हादसे के बाद हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं।

भारतीय दूतावास ने बताया कि हादसा फु क्वोक द्वीप के पास हुआ, जहां भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही नाव पलट गई। स्थानीय प्रशासन घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रहा है और हादसे के कारणों के साथ नाव में सवार लोगों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है।

होन मे रट से एन थॉई पोर्ट जा रही थी नाव

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे ओशन पीयर आइलैंड कंपनी द्वारा संचालित स्पीडबोट होन मे रट (Hon May Rut) से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट (An Thoi Port) जा रही थी। इसी दौरान फु क्वोक हवाई अड्डे से करीब 25 किलोमीटर दूर होन मे रट नगोआई के पास समुद्र में नाव पलट गई। हादसे के बाद सभी यात्री समुद्र में गिर गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन में आई मुश्किलें

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, आसपास मौजूद अन्य पर्यटक नौकाएं तुरंत मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंच गईं। हालांकि समुद्र में तेज लहरों और कई यात्रियों के नाव के अंदर फंस जाने के कारण बचाव अभियान प्रभावित हुआ। राहत दल ने कुछ लोगों को जीवित बाहर निकाला, जबकि कई लोगों की मौत हो गई।

भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों और यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:

+84 362817930
+84 915523714
+84 334520414
+84 913089165 (हनोई)

फु क्वोक बना प्रमुख पर्यटन केंद्र

फु क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप और प्रमुख पर्यटन स्थल है। इस वर्ष के पहले छह महीनों में यहां 57 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं, जिनमें 13.2 लाख विदेशी पर्यटक शामिल हैं। पिछले वर्ष की तुलना में विदेशी पर्यटकों की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।