#प्रदेश

बस्तर गोंचा महापर्व 2026 का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को निमंत्रण, तुपकी चलाकर भगवान जगन्नाथ को दी प्रतीकात्मक सलामी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को उनके निवास कार्यालय में बस्तर गोंचा महापर्व आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात कर उन्हें बस्तर गोंचा महापर्व-2026 में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बस्तर की पारंपरिक संस्कृति का सम्मान करते हुए तुपकी चलाकर भगवान श्री जगन्नाथ को प्रतीकात्मक सलामी दी। यह गोंचा महापर्व की प्रमुख और ऐतिहासिक परंपराओं में से एक मानी जाती है।

प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर शहर में विद्युत तारों को भूमिगत (अंडरग्राउंड) किए जाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान हुआ है और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान आने वाली बाधाएं भी समाप्त हो गई हैं।

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि समाज अपनी 619 वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष 29 जून से 25 जुलाई 2026 तक बस्तर के ऐतिहासिक गोंचा महापर्व का आयोजन कर रहा है।

उन्होंने बताया कि भगवान श्री 1008 जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सिरहासार भवन (जनकपुरी) पहुंचेगी, जहां महाप्रभु का प्रवास होगा।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश पाण्डे सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।