#प्रदेश

दतिया उपचुनाव: भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को सौंपी चुनावी कमान, मुख्य चुनाव प्रभारी बनाए

Advertisement Carousel

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दतिया विधानसभा उपचुनाव का मुख्य चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके जिम्मेदारी संभालने के साथ ही प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

इससे पहले भाजपा ने दतिया सीट पर पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाकर सभी को चौंका दिया था। अब चुनावी रणनीति को और मजबूत करने के लिए पार्टी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर बड़ा भरोसा जताया है।

ग्वालियर-चंबल अंचल में मजबूत राजनीतिक प्रभाव रखने वाले सिंधिया अब दतिया उपचुनाव में संगठन, बूथ प्रबंधन और चुनाव प्रचार की पूरी रणनीति की कमान संभालेंगे। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में भाजपा चुनाव अभियान को और धार देने की तैयारी में है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सिंधिया की नियुक्ति को भाजपा का एक अहम रणनीतिक कदम माना जा रहा है। दतिया विधानसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना के बीच पार्टी ने अनुभवी नेतृत्व को जिम्मेदारी देकर यह संकेत दिया है कि वह इस चुनाव में कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती।

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की चुनावी रणनीति दतिया उपचुनाव में भाजपा के लिए कितनी प्रभावी साबित होती है।