24 घंटे में मिली ट्राइसाइकिल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से दिव्यांग गणेश राम यादव को मिली नई रफ्तार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी जन्म से दिव्यांग गणेश राम यादव को महज 24 घंटे के भीतर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। उनके संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाशित एक समाचार का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल जिला प्रशासन को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन ने शासकीय अवकाश होने के बावजूद सक्रियता दिखाई। जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से ट्राइसाइकिल की व्यवस्था कर उसे गणेश राम यादव के परिवार तक पहुंचाया गया। उस समय गणेश राम घर पर नहीं थे, इसलिए उनके बड़े भाई विचित्र यादव को ट्राइसाइकिल सौंपते हुए इसे उनके लौटने पर उपलब्ध कराने को कहा गया।
हाथों के सहारे तय करते थे रास्ता
गणेश राम यादव जन्म से दिव्यांग हैं और आर्थिक तंगी के कारण वर्षों से ट्राइसाइकिल जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित थे। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र में रहने के कारण उन्हें दैनिक कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने के लिए हाथों के सहारे चलना पड़ता था। उनकी स्थिति सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
ट्राइसाइकिल से मिलेगा आत्मनिर्भर जीवन
गणेश राम के बड़े भाई विचित्र यादव ने बताया कि अब तक उन्हें छोटी-सी दूरी तय करने में भी काफी कठिनाई होती थी। ट्राइसाइकिल मिलने से अब वे आसानी से आवागमन कर सकेंगे, अपने कई काम स्वयं कर पाएंगे और स्वास्थ्य केंद्र, बैंक तथा पंचायत जैसे स्थानों तक बिना किसी की मदद के पहुंच सकेंगे। इससे उनके आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी में भी वृद्धि होगी।
परिवार को मिल रही हैं शासकीय योजनाओं का लाभ
परिवार की सदस्य चंद्रवती यादव ने बताया कि उनके पति विचित्र यादव और देवर गणेश राम दोनों जन्म से दिव्यांग हैं तथा उन्हें प्रतिमाह दिव्यांग पेंशन मिलती है। परिवार को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। इसके अलावा राशन कार्ड के माध्यम से नियमित खाद्यान्न भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने की त्वरित कार्रवाई की सराहना
मुख्यमंत्री के निर्देश पर 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध होने से क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन की त्वरित और संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि जरूरतमंदों की समस्याओं पर जिस तेजी से कार्रवाई की जा रही है, उससे सरकार के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।





