#प्रदेश

Accident : कानपुर हाईवे पर हरियाणा की स्कॉर्पियो का भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसी SUV; 3 की मौत, 9 घायल

Advertisement Carousel

 

० सिरसा से बिहार जा रहा था परिवार, अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा; कई घायलों की हालत गंभीर

कानपूर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही एक स्कॉर्पियो खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक पुरुष और दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर स्थित रूमा के न्यू जेके ढाबा के पास सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे यह हादसा हुआ। हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही एचआर-14एम-9501 नंबर की स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे।

अज्ञात वाहन को बचाने में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक ने सामने आए एक अज्ञात वाहन को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

एक पुरुष और दो बच्चों की मौत

हादसे में करीब 45 वर्षीय एक पुरुष, 13 वर्षीय एक किशोरी और लगभग 9 वर्षीय एक बालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

9 घायल, कई की हालत गंभीर

दुर्घटना में घायल नौ लोगों को एंबुलेंस से कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में दो महिलाएं, चार पुरुष और तीन बच्चियां शामिल हैं। इनमें हिमांशु, नील यादव, केशव भारती, अनिशा, स्नेहा और एक सात वर्षीय बच्ची का इलाज जारी है। दो महिलाओं और एक पुरुष की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।