नकटी गांव से राजभवन तक कांग्रेस की ‘न्याय पदयात्रा’, मकान तोड़ने के विरोध में सड़कों पर उतरे प्रभावित परिवार

० दीपक बैज के नेतृत्व में 13 किमी की पदयात्रा, पुनर्वास और मुआवजे की मांग; यात्रा के दौरान बैज के पैर में आई मोच
रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को ‘न्याय पदयात्रा’ निकाली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में शुरू हुई यह पदयात्रा नकटी गांव से राजभवन (लोकभवन) तक निकाली जा रही है। इसमें प्रभावित परिवारों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और विधायक शामिल हुए। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग करेगा।
85 परिवारों को न्याय दिलाने की मांग
करीब 13 किलोमीटर लंबी पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर), तेलीबांधा और गौरव पथ होते हुए राजभवन पहुंचेगी।
कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। पार्टी की मांग है कि प्रत्येक परिवार को नकटी गांव में ही 2,000 वर्गफीट भूमि आवंटित कर पुनर्वास किया जाए और मकान तोड़े जाने से हुए नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा दिया जाए।
हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट ठुकराए
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन द्वारा सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में दिए जा रहे अस्थायी आवास को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि वे अपने मूल गांव में ही बसना चाहते हैं। फिलहाल सभी परिवार टेंट और टीन शेड में रहने को मजबूर हैं।
यात्रा के दौरान दीपक बैज घायल
पदयात्रा शुरू होने के कुछ ही देर बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के पैर में मोच आ गई। चोट के कारण वे आगे पैदल नहीं चल सके और इसके बाद कार में सवार होकर पदयात्रा के साथ चलते रहे। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रभावित ग्रामीणों ने यात्रा जारी रखी।
यातायात व्यवस्था में बदलाव
पदयात्रा को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया है। यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना जताई है। इस दौरान सर्विस रोड बंद रहेगी और महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मुख्य मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।




