CG News : केंद्र के 3 बड़े फैसलों से छत्तीसगढ़ को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा सेमिकॉन 2.0, राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 (NIPU-2026) और मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने इन फैसलों के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार के ये तीनों निर्णय देश को आत्मनिर्भरता, अत्याधुनिक विनिर्माण, नवाचार और तकनीकी विकास के नए दौर में ले जाएंगे। उनका कहना है कि इन योजनाओं का सीधा लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिलेगा और राज्य में निवेश, उद्योग तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
सेमिकॉन 2.0 से बढ़ेगा हाईटेक निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.27 लाख करोड़ रुपये की सेमिकॉन 2.0 योजना देश में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करेगी। इससे भारत वैश्विक सप्लाई चेन में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति, बेहतर अधोसंरचना और निवेश अनुकूल वातावरण के कारण छत्तीसगढ़ भी हाईटेक उद्योगों के लिए तेजी से उभरता हुआ केंद्र बन रहा है।
यूरिया नीति से किसानों को होगा लाभ
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 के लागू होने से देश में उर्वरकों की उपलब्धता मजबूत होगी और किसानों को समय पर यूरिया मिल सकेगा। इससे छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन को नई मजबूती मिलेगी।
मोबाइल विनिर्माण से रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 62,500 करोड़ रुपये की मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम है। इससे भारतीय ब्रांड, अनुसंधान, नवाचार और स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और उभरती प्रौद्योगिकी से जुड़े उद्योगों के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए जा रहे ऐसे दूरदर्शी फैसले विकसित भारत के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को भी नई गति देंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।





