चार सवारी बैठाकर सड़क पर स्टंट पड़ा भारी, ट्रैफिक पुलिस ने ठोका ₹4,500 का चालान

० अखबार में छपी तस्वीर से खुली पोल, युवकों को बुलाकर की कार्रवाई; अभिभावकों को भी दी गई सख्त चेतावनी
रायपुर। सड़क पर चार सवारी बैठाकर स्टंट करना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। अखबार में प्रकाशित एक तस्वीर के आधार पर रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और संबंधित युवकों की पहचान कर उन्हें यातायात कार्यालय तलब किया। जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹4,500 का चालान काटा।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर की गई कार्रवाई में युवकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 3/181, 5/180, 184 एवं 128/194(सी) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
कार्रवाई के दौरान युवकों के साथ उनके अभिभावकों को भी बुलाया गया। यातायात पुलिस ने उन्हें ओवरलोडिंग, स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे बताते हुए समझाइश दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोहराने पर और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं, सड़क पर स्टंटबाजी से बचें और सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है।
यातायात पुलिस का संदेश:
“सुरक्षित चलें, जिम्मेदारी से चलें… क्योंकि आपका परिवार आपका इंतजार कर रहा है।”





