#प्रदेश

गृह निर्माण मंडल की कॉलोनियों में 5.30 करोड़ से ज्यादा मेंटेनेंस शुल्क बकाया, बकायादारों को नोटिस जारी

Advertisement Carousel

० डूमरतराई और बोरियाकला कॉलोनियों के हितग्राहियों से जल्द भुगतान की अपील, भुगतान नहीं करने पर होगी वैधानिक कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की रायपुर स्थित डूमरतराई और बोरियाकला कॉलोनियों में मेंटेनेंस शुल्क की बकाया राशि 5.30 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई है। शुल्क जमा नहीं होने से कॉलोनियों में रखरखाव और नागरिक सुविधाओं के संचालन पर वित्तीय दबाव बढ़ गया है। मंडल ने बकायादार हितग्राहियों को नोटिस जारी कर जल्द भुगतान करने की अपील की है।

मंडल के अनुसार, कॉलोनियों में लैंड मेंटेनेंस चार्ज (LMC), कॉमन मेंटेनेंस चार्ज (CMC) और जल प्रभार से मिलने वाली राशि का उपयोग सड़क, नाली, उद्यान, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, लिफ्ट संचालन और अन्य रखरखाव कार्यों पर किया जाता है। समय पर शुल्क नहीं मिलने से इन सेवाओं के संचालन में कठिनाइयां आ रही हैं।

हिमालयन हाइट्स, डूमरतराई कॉलोनी में लगभग 800 आबंटित भवनों में से 197 हितग्राहियों पर करीब 1.85 करोड़ रुपये बकाया हैं। वहीं बोरियाकला कॉलोनी में 4,155 आबंटित भवनों में से 1,716 हितग्राहियों पर लगभग 3.45 करोड़ रुपये का मेंटेनेंस शुल्क लंबित है।

अधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते बकाये के कारण लिफ्टों के रखरखाव, बिजली बिलों के भुगतान, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के संचालन पर असर पड़ रहा है। इससे कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को मिलने वाली नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

प्रक्षेत्र रायपुर के संबंधित संभाग कार्यालय ने सभी बकायादारों को नोटिस जारी कर LMC, CMC और जल प्रभार की राशि शीघ्र जमा करने का आग्रह किया है। मंडल के अपर आयुक्त एस.के. भगत ने हितग्राहियों से समय पर भुगतान कर कॉलोनियों के बेहतर रखरखाव में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में राशि जमा नहीं करने पर मंडल के नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।