#प्रदेश

खम्हारडीह थाना पहुंची कांग्रेस, BJP नेताओं पर काउंटर FIR की मांग; भूपेश बोले- सरकारें आती-जाती हैं

Advertisement Carousel

 

० कांग्रेस भवन घेराव के दौरान हुए विवाद को लेकर थाने के बाहर धरना, दीपक बैज ने सौंपी शिकायत; पुलिस से कार्रवाई की मांग

रायपुर। कांग्रेस भवन घेराव के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए टकराव के बाद राजधानी रायपुर में सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए उनके खिलाफ काउंटर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर गुरुवार शाम खम्हारडीह थाने का घेराव किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ शाम करीब साढ़े छह बजे खम्हारडीह थाने पहुंचे। उन्होंने भाजपा नेताओं पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पत्थरबाजी और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए दो पन्नों की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस दौरान थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर जमकर नारेबाजी की।

इधर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा से राजनीतिक स्तर पर निपटा जाएगा, लेकिन पुलिस अधिकारियों को भी याद रखना चाहिए कि “सरकारें आती-जाती रहती हैं।” उन्होंने थाना प्रभारी से लेकर एसपी और आईजी तक निष्पक्ष कार्रवाई करने की नसीहत दी।

फिलहाल पुलिस ने कांग्रेस की शिकायत स्वीकार कर ली है। समाचार लिखे जाने तक थाने के बाहर कांग्रेस का धरना जारी था और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।