CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन भारी बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट जारी

० मानसून की रफ्तार फिर पकड़ने की उम्मीद, रायपुर में बादल छाए रहेंगे; प्रदेश में अब तक सामान्य से 18% कम बारिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। राज्य में अब तक सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम 3 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई, जिससे रायपुर और दुर्ग प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आंशिक से सामान्य बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बारिश क्यों हुई कम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण अरब सागर से आने वाली नमी उत्तर दिशा की ओर खिंच गई है। इसके चलते छत्तीसगढ़ में बारिश का दायरा सीमित हुआ है। हालांकि, प्रदेश में मानसून ब्रेक जैसी स्थिति नहीं है और नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने के साथ बारिश की गतिविधियां फिर तेज होने की संभावना है।
इन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह 10 बजे तक कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।




