सत्य साई ग्राम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, शिक्षा-स्वास्थ्य और पोषण के सेवा मॉडल की सराहना

० मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं, मूल्य आधारित शिक्षा और बच्चों के पोषण को लेकर सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा, जनकल्याण के विस्तार पर दिया जोर
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक के सत्य साई ग्राम, मुद्देनहल्ली का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित सेवा मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु मधुसूदन साई से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी सेवाओं के विस्तार और स्वास्थ्य-शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज का निर्माण भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं के अनुभव और नवाचार से जनहित की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल द्वारा बच्चों की निःशुल्क हृदय शल्य चिकित्सा के कार्य की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। साथ ही अस्पताल के विस्तार और मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की स्थापना जैसे विषयों पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री साय मूल्य आधारित शिक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा, करुणा और नैतिक मूल्यों का विकास भी होना चाहिए।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का निरीक्षण किया, जहां बच्चों के लिए पोषण आहार तैयार किया जाता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में ऐसे पोषण मॉडल अपनाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के बीच सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का दायरा और अधिक बढ़ाया जा सकेगा।





