CG Weather Today: बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन का असर, अगले 48 घंटे छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार; कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट

० रायपुर-बिलासपुर संभाग में भारी बारिश दर्ज, नवागढ़ में सबसे ज्यादा 8 सेमी वर्षा; रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से प्रदेश में अगले 48 घंटों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, प्रदेश में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बंगाल की खाड़ी से मिल रहा मानसून को बल
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ वर्तमान में बीकानेर, दतिया, रीवा, डाल्टनगंज, जमशेदपुर होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के केंद्र से गुजर रही है। इसी सिस्टम के कारण प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
प्रदेश में सोमवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
नवागढ़ में सबसे ज्यादा 8 सेमी बारिश
बीते 24 घंटों में नवागढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भटगांव, पिथौरा और भिलाईगढ़ में 7 सेमी, सरायपाली में 6 सेमी तथा अर्जुन्दा, सोनाखान, गिरौदपुरी, बसना और राजनांदगांव समेत कई क्षेत्रों में 5 सेमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को दिनभर आंशिक से घने बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, कोरिया समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।




