#प्रदेश

Big News : बागेश्वर धाम से लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती

Advertisement Carousel

० गुरु पूर्णिमा पर दर्शन कर लौट रहे थे छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष, झांसी-ललितपुर हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त; हालत स्थिर

झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के झांसी-ललितपुर हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गए। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम से परिवार के साथ लौटते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के मुताबिक, किरण देव परिवार के साथ बागेश्वर धाम में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी-ललितपुर हाईवे पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे के समय वाहन में किरण देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

सूत्रों के अनुसार, हादसे में किरण देव को गंभीर चोट नहीं आई है। चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। वहीं पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन या भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।