#राष्ट्रीय

Commercial LPG हुआ सस्ता : 19 किलो सिलेंडर के दाम में ₹200 से ज्यादा की कटौती,जानिए कितनी हुई कीमत

Advertisement Carousel

 

० दिल्ली में 202 रुपये और कोलकाता में 209 रुपये कम हुई कीमत; घरेलू 14.2 किलो एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं

नई दिल्ली। महीने के पहले दिन आम लोगों के लिए राहत की खबर आई है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये से अधिक की कटौती की है। नई दरें 1 अगस्त से लागू हो गई हैं।

नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 202 रुपये सस्ता होकर 2,728 रुपये का हो गया है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 209 रुपये घटकर 2,872.50 रुपये हो गई है।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सस्ता होने से रेस्टोरेंट, होटल, ढाबा, चाय की दुकान और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि इनके संचालन में इसी श्रेणी के सिलेंडर का अधिक उपयोग होता है।

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें यथावत

तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। उपभोक्ताओं को पहले की ही दरों पर सिलेंडर मिलेगा। वर्तमान में दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में उपलब्ध है।

पिछले महीने भी मिली थी राहत

इससे पहले 1 जुलाई को भी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की थी। लगातार दूसरे महीने कीमतों में आई कमी से व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।