CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार पड़ेगी धीमी, कई जिलों में आज भी गरज-चमक के साथ वर्षा के आसार

० गहरे अवदाब के कमजोर पड़ने से बारिश में कमी के संकेत, बीजापुर में सबसे ज्यादा 11 सेमी वर्षा; रायपुर में बादल और हल्की बारिश की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार अब कुछ धीमी पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। गहरे अवदाब के कमजोर होने के कारण आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियों में कमी आ सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
शुक्रवार को बस्तर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बीजापुर में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा भैरमगढ़ और औंधी में 8-8 सेमी, सुकमा में 7 सेमी, छोटेडोंगर में 6 सेमी, जबकि बड़े बचेली, दोरनापाल और गीदम में 5-5 सेमी बारिश हुई। कई अन्य जिलों में भी 3 से 4 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिम विदर्भ और उससे लगे दक्षिणी मध्यप्रदेश के ऊपर बना अवदाब तथा सक्रिय मानसून द्रोणिका प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही है। इसी प्रणाली के असर से फिलहाल प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी हैं, हालांकि इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शुक्रवार को भी रायपुर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।




