असम में CRPF कैंप में फायरिंग, ASI ने दो जवानों की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी मारी गोली

नगांव। असम के नगांव जिले में स्थित सीआरपीएफ की 34वीं बटालियन कैंप में मंगलवार सुबह गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। एक एएसआई ने कथित तौर पर अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी, एक जवान को गंभीर रूप से घायल कर दिया और बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
कैंप के मुख्य द्वार पर हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे कटिमारी स्थित सीआरपीएफ की 34वीं बटालियन कैंप में हुई। मुख्य द्वार पर ड्यूटी के दौरान एएसआई/जीडी बलानी प्रेमबारम ने अचानक अपने साथियों पर फायरिंग शुरू कर दी।
दो जवानों की मौके पर मौत
फायरिंग में एचवी/जीडी विष्णु प्रसाद बघेल और एसआई/जीडी रामनवाल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में एएसआई/माने गोविंद श्रीपुल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी ने खुद को भी मारी गोली
पुलिस के मुताबिक, साथियों पर फायरिंग करने के बाद एएसआई बलानी प्रेमबारम ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
विवाद के बाद फायरिंग की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, फायरिंग की वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
जांच के आदेश
नगांव की पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) परमिता सरकार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और सभी पहलुओं से घटना की पड़ताल की जा रही है।




